शिवा कटियार/फर्रुखाबाद: फर्रुखाबाद के कारीगरों की बनाई डलिया कभी घरों से लेकर खेतों तक इस्तेमाल की जाती थी. अरहल की लकड़ी से बनने वाली ये डलिया अपनी मजबूती और खास बनावट के लिए जानी जाती हैं. यहां के कई गांवों में लोग पीढ़ियों से इस काम को करते आ रहे हैं. इन डलियों की मांग दूसरे जिलों में भी है और वहां इनकी बिक्री होती है. लेकिन अब इस पुश्तैनी काम को आगे बढ़ाना कारीगरों के लिए आसान नहीं रह गया है. लकड़ी महंगी मिलने और उसे दूसरे राज्यों से मंगाने में ज्यादा खर्च होने के कारण उनकी कमाई घट गई है. हालत यह है कि कई कारीगरों के लिए इस काम से परिवार का गुजारा करना भी मुश्किल हो रहा है.
कमालगंज क्षेत्र के रजीपुर समेत कई गांवों में ग्रामीण अरहल की लकड़ी से डलिया बनाने का काम करते हैं. उनका कहना है कि यह काम कई पीढ़ियों से चला आ रहा है. पहले आसपास के इलाकों में अरहर की खेती ज्यादा होती थी, इसलिए डलिया बनाने के लिए लकड़ी आसानी से मिल जाती थी. लेकिन अब स्थानीय स्तर पर अरहर की खेती का रकबा कम हो गया है. ऐसे में कारीगरों को मध्य प्रदेश, महोबा और बुंदेलखंड के दूसरे इलाकों से लकड़ी खरीदकर लानी पड़ती है. इससे लकड़ी की कीमत के साथ ही आने-जाने और ढुलाई का खर्च भी बढ़ जाता है.
एक डलिया बनाने में 50 रुपये की लागत
कारीगरों के मुताबिक, एक डलिया बनाने में करीब 50 रुपये की लागत आती है. वहीं, इसकी बिक्री अधिकतम 75 रुपये तक हो पाती है. ऐसे में मेहनत के हिसाब से उन्हें ज्यादा बचत नहीं हो पाती. दुकानदार गंगा सहाय बताते हैं कि वह महीनेभर में अधिकतम 3 से 5 हजार रुपये ही कमा पाते हैं. इतनी कम आमदनी में परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है. डलिया बनाने के लिए अरहल, बहेड़ा और शहतूत की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है. कारीगरों के मुताबिक, ये लकड़ियां पतली और लचीली होने के साथ मजबूत भी होती हैं. इसी वजह से इनसे अच्छी डलिया तैयार हो जाती हैं.
विज्ञापन
दूसरे राज्यों से मंगानी पड़ती है लकड़ी
दुकानदार गंगा सहाय ने बताया कि पहले के समय में इलाके में अरहर की खेती ज्यादा होती थी. इस वजह से डलिया बनाने के लिए लकड़ी आसानी से मिल जाती थी. लेकिन अब यहां आलू की खेती बढ़ने से अरहर की खेती का रकबा कम हो गया है. ऐसे में उन्हें लकड़ी खरीदने के लिए मध्य प्रदेश और चंबल क्षेत्र तक जाना पड़ता है. उन्होंने बताया कि बाहर से लकड़ी लाने में उसकी कीमत के साथ ट्रांसपोर्ट का किराया भी देना पड़ता है. इससे डलिया बनाने की लागत बढ़ जाती है, जबकि बिक्री से ज्यादा बचत नहीं हो पाती. इसके बावजूद वह अपने पुश्तैनी काम को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं.
