Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की मोहान विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ब्रजेश कुमार रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक पीड़ित से कुछ ऐसा कहते सुनाई दे रहे हैं, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, पीड़ित अपनी समस्या लेकर विधायक के पास पहुंचा था। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारी को फोन लगाया और स्पीकर पर उसकी बात सुनी।
वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि अधिकारी की ओर से जो कागजात मांगे गए थे, उन्हें व्हाट्सऐप कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने फरियादी से कहा कि अब बाकी आपकी किस्मत है। विधायक का यह बयान अब चर्चा में है।
विधायक बोले- हम किसी की किस्मत नहीं बना सकते
वायरल वीडियो में ब्रजेश कुमार रावत कहते सुनाई दे रहे हैं कि हम किसी की किस्मत बना और बिगाड़ नहीं सकते, यह ऊपर वाले का काम है। हमारा प्रयास यही रहता है कि आप हमारे पास आएं और हम आपका काम कराएं, लेकिन काम की गारंटी हमारे पास नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अगर अधिकारी नहीं सुन रहा है तो हम कलम पकड़कर थोड़ी न काम करा देंगे।
विधायक के इस बयान के बाद अब उनके रवैये और अधिकारियों के कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि यह वीडियो खुद ब्रजेश कुमार रावत के सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया है।
विधायक की बात भी नहीं सुन रहे अधिकारी?
एक तरफ योगी सरकार लगातार अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने और जनता की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश देती रही है। वहीं, इस वीडियो में एक विधायक खुद अधिकारी के सामने अपनी बात रखने के बाद फरियादी को काम की गारंटी देने से बचते नजर आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब एक विधायक को ही अपने क्षेत्र के अधिकारी के रवैये पर भरोसा नहीं है, तो आम जनता की शिकायतों का निस्तारण कैसे होता होगा।
2027 चुनाव से पहले जनता के सवाल
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस वीडियो को लेकर जनता के बीच सवाल उठ सकते हैं। अगर विधायक की सिफारिश के बाद भी किसी फरियादी के काम की गारंटी नहीं है, तो फिर आम आदमी अपनी समस्या लेकर किसके पास जाए। क्या अधिकारियों तक जनप्रतिनिधियों की बात भी नहीं पहुंच रही है या फिर अधिकारी अपने स्तर पर फैसले लेने में स्वतंत्र हैं। वायरल वीडियो ने इन सवालों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
