Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के मूसानगर में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत कथा कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति के आश्रम में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने सनातन संस्कृति, राम मंदिर और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। वहीं, डिंपल यादव के चंदा चोरी वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी को रामभक्तों पर गोली चलवाने की घटना की याद दिलाई। आजम खान और ओवैसी का नाम लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
दुनिया में लहरा रही सनातन संस्कृति की पताका
दरअसल, कानपुर देहात के मूसानगर में साध्वी निरंजन ज्योति के आश्रम में 34वें भक्ति योग वेदांत कथा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने आयोजन के लिए साध्वी निरंजन ज्योति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की पताका आज केवल उत्तर प्रदेश या देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लहरा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंच रहा है और प्रदेश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रामभक्तों पर गोली चलवाने को लेकर सपा से मांगा जवाब
डिंपल यादव के चंदा चोरी वाले बयान पर डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि सपा को पहले यह जवाब देना चाहिए कि निहत्थे रामभक्तों पर गोली क्यों चलवाई गई थी। उन्होंने कहा कि आज सनातन संस्कृति के प्रति प्रेम दिखाने से पहले समाजवादी पार्टी को भगवान राम के चरणों में नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए।
बृजेश पाठक ने आगे कहा कि भारत माता को डायन कहने वाले और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भूमाफिया बताने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। आजम खान और ओवैसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चाहे हजार आजम खान आ जाएं या हजार ओवैसी, उत्तर प्रदेश की सनातन संस्कृति, विकास और कानून व्यवस्था के सामने विपक्ष की राजनीति नहीं चलने वाली। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी डिप्टी सीएम ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मूसानगर के धार्मिक मंच से दिए गए इस बयान में बृजेश पाठक ने जहां सनातन संस्कृति और विकास को सरकार की उपलब्धि बताया, वहीं समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले करके आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल भी गरमा दिया।
