Saharanpur News: चुनावी दौर शुरू हो चुका है और समाजवादी पार्टी ने बिना गठबंधन की लिस्ट के अपने सहारनपुर से दो सिटिंग विधायकों के टिकट घोषित कर दिए हैं. जिसमें सहारनपुर की बेहट और देहात विधानसभा सीट है. बेहट से उमर अली खान जबकि देहात से आशु मलिक को दोबारा से टिकट देकर पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है. आपको बता दें कि यूपी में साथ चल रही सपा और कांग्रेस के बीच फिर लकीरें खिंचती हुई दिख रही हैं.
गठबंधन में दरार और इमरान मसूद का दावा
जिस सहारनपुर की बेहट विधानसभा से सारी गिनती शुरू होती है, वहां से सपा ने अपना परचम लहरा दिया है. विधानसभाओं की गणना शुरू होते ही गठबंधन में सपा ने अपना नाम सबसे पहले लिखा है, यानी कि बेहट विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमर अली. इसके बाद गणना में आती है उत्तर प्रदेश की दूसरी विधानसभा सीट, यानी कि सहारनपुर देहात. यहां से आशु मलिक, सपा के टिकट पर विधायक हैं. इन दोनों सीटों के बाद क्यों सपा थोड़ा नरम पड़ती दिखती है?
ऐसा तब है जबकि यहां के मौजूदा सांसद और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सातों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी उतारने का दावा पेश कर चुके हैं. इसमें भी महत्वपूर्ण यह है कि वह खुद मुजफ्फराबाद से निर्दलीय विधायक रह चुके हैं, जो कि आज के समय में बेहट विधानसभा है. अब उसको लेकर लोगों की क्या कुछ राय है, जानते हैं.
उमर अली खान के विकास कार्यों पर जनता की राय
नागेंद्र राणा ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि बेहट विधानसभा के विधायक उमर अली खान का 5 साल का कार्यकाल बेहद बेमिसाल रहा है. वह हर समय जनता के बीच में रहे हैं. गांव की छोटी-छोटी गलियां तक पक्की बनवा दी गई हैं. एक गांव से दूसरे गांव को जोड़ने का काम किया गया है क्योंकि घाड़ क्षेत्र पड़ता है उसमें काफी विकास की जरूरत थी और विधायक ने अपने 5 साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अपनी सारी निधि को अपने क्षेत्र में लगा दिया.
आशु मलिक के काम से खुश हैं देहात के लोग
अल्ताफ अली बताते हैं कि देहात विधानसभा से आशु मलिक ने बहुत अच्छा काम किया है और हम एक बार फिर से उन्हीं को देखना चाहते हैं. समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने उनको उनके काम के विश्वास के कारण उनको दोबारा से टिकट दिया है और हमें उम्मीद है कि जिस तरीके से वह जनता के बीच में रहे हैं, एक बार फिर से जनता के बीच में रहकर काम करने का काम करेंगे.
भाईचारे की मिसाल और समय से पहले निधि का इस्तेमाल
अर्जुन पंडित ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि अगर मैं बेहट विधानसभा की बात करूं, जितने भी सहारनपुर के विपक्षी पार्टी के विधायक रहे हैं, लेकिन उमर अली खान की विधायक निधि अब से 6 महीने पहले खत्म होने का काम हुआ था और जितने भी यहां पर विधायक हैं उन्होंने अपनी निधि अपने विकास कार्य में अभी तक नहीं लगाई. और उनकी जो भी निधि आई है वह वापस जाने का काम हुआ है. उमर अली खान अपनी छवि और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल के रूप में जाने जाते हैं. वह हिंदू-मुस्लिम की कभी राजनीति ही नहीं करते, साथ इंसानियत को बढ़ावा देने का काम करते हैं.
70 से 80 हजार वोटों से जीत का दावा
नौशाद खान ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि हमारे विधानसभा के विधायक उमर अली खान हमारे विधानसभा क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. 15 से 20 साल से जनता की सेवा कर रहे हैं और जनता इनसे बहुत खुश है. हाईकमान भी इस बात को जानता है इसलिए उन्होंने इनका टिकट पहले ही डिक्लेयर कर दिया. जहां पर सड़कों की जरूरत थी वहां पर सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है चुनाव आने से पहले ही. और मेरे हिसाब से कोई भी पार्टी का प्रत्याशी उनके सामने चुनाव लड़े लेकिन टिक नहीं पाएगा.
तो वहीं, ठाकुर अजय पुंडीर ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि पहली बार 30 से 35000 वोटों से उमर अली खान बेहट विधानसभा से जीते थे लेकिन इस बार हम लोगों को उम्मीद लग रही है कि जिस तरीके से इन्होंने विकास कार्य किए हैं और अपनी निधि को समय से पहले ही जनता के कामों में लगाया है, इस बार 70 से 80 हजार वोटों से उमर अली खान जीतने का काम करेंगे. विकास की बात करें तो हर जगह सड़कें बिछी हैं, नल लगे हैं, लाइट लगी है और इतना विकास पहले किसी भी विधायक के कार्यकाल में नहीं हुआ.
