सहारनपुर: जो लोग बनारसी कपड़े पहनना बेहद पसंद करते हैं, उनके लिए सहारनपुर में लगे खादी महोत्सव में बनारसी कपड़ों का भी बड़ा बाजार सजा है. यहां आपको बनारसी साड़ी, बनारसी सूट, बनारसी दुपट्टे और अन्य बनारसी हैंडलूम के कपड़े मिल जाएंगे. हम बात कर रहे हैं सहारनपुर के दिल कहे जाने वाले कंपनी गार्डन में लगे खादी महोत्सव की, जहां खादी के साथ-साथ बनारस के कपड़े भी खूब पसंद किए जा रहे हैं. यहां बनारसी लुक वाले कपड़ों की कीमत 1,000 रुपये से शुरू होकर 20,000 रुपये तक है.

इन सभी कपड़ों को हाथों से खूबसूरत डिजाइन देकर तैयार किया जाता है. इतना ही नहीं, बनारसी कपड़ों का फैशन भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है. जो लोग बनारसी कपड़े पहनना पसंद करते हैं, उन्हें अब कपड़े खरीदने के लिए बनारस जाने की जरूरत नहीं है. वे सहारनपुर के इस महोत्सव में पहुंचकर आसानी से बनारसी कपड़ों की खरीदारी कर सकते हैं. डिजाइन की बात करें तो यहां जांगला, बूटा, तनचोई, कटवर्क, जरी और रेशम के मेल से बनी चमकदार बुनाई, शिकारगाह और जामदानी/कामदानी जैसे सैकड़ों प्रकार के डिजाइन में बनारसी कपड़े उपलब्ध हैं.

पसंद के अनुसार करवा सकते है कपड़े कस्टमाइज

गुलाम साबिर ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए बताया कि वह बनारस के रहने वाले हैं. वे सहारनपुर में बनारस की साड़ी, बनारसी सूट, बनारसी फैब्रिक और बनारसी दुपट्टे लेकर आए हैं. उनके पास बनारसी लुक में सैकड़ों प्रकार के डिजाइन उपलब्ध हैं. ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार कपड़े कस्टमाइज भी करवा सकते हैं. उन्होंने बताया कि साड़ी के डिजाइन और उस पर होने वाले काम के हिसाब से उसे तैयार करने में समय लगता है. कोई साड़ी 10 दिन में तैयार होती है, तो किसी को 15 दिन लगते हैं. वहीं, कुछ साड़ियों को तैयार करने में एक महीना तक लग जाता है. साड़ी जैसी होती है, उसकी कीमत भी उसी के अनुसार तय होती है.

विज्ञापन

मशरू कटान की सबसे ज्यादा बिक्री

इस बार सर्दियों के लिए मशरू कपड़ा काफी अच्छा है, इसलिए मशरू कटान की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है. उनके पास 1,000 रुपये से लेकर 15-20 हजार रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध हैं. गुलाम साबिर ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि वे सहारनपुर में 10 दिन तक रहेंगे. यहां के लोग धीरे-धीरे खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि महोत्सव के आखिरी दिनों तक काफी लोग साड़ियां खरीदेंगे. उन्होंने कहा कि अगर उनके पास सामान की कमी होती है, तो वे दोबारा बनारस से माल मंगवा लेंगे. फिलहाल उन्हें लोगों से अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं और लोग बनारसी कपड़ों को काफी पसंद कर रहे हैं.



Source link