Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो दिन के नवजात की मौत हो गयी. बच्चे के परिजनों ने जुलूस में बज रहे डीजे की तेज आवाज को घटना से जोड़ते हुए सवाल उठाये हैं. हालांकि, नवजात की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.

18 अक्टूबर को हुआ था बच्चे का जन्म

परिजनों के मुताबिक, नवजात का जन्म 18 अक्टूबर को बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ था. अगले दिन मां और बच्चे को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी. परिवार में बच्चे के जन्म की खुशियां थीं, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गयी.

पिता का आरोप, घर के सामने से गुजर रहा था विसर्जन जुलूस

बच्चे के पिता जावेद के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे उनके घर के सामने से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था. जुलूस में डीजे पर तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था. जावेद का आरोप है कि तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा के कारण शोर और बढ़ गया था.

छज्जा गिरने और नवजात के रोने का भी दावा

परिजनों का दावा है कि तेज आवाज और कंपन के दौरान घर के बाहर लगा छज्जा गिर गया. उनका कहना है कि इस दौरान नवजात लगातार रो रहा था. कुछ समय बाद उसकी सांसें थम गयीं. बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रात में मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद रात करीब 2:15 बजे शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिवार से बातचीत की और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया.

पोस्टमार्टम से स्पष्ट होगी मौत की वजह

परिवार ने ढेबरुआ थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत की वास्तविक वजह का पता चल सके. फिलहाल, नवजात की मौत और डीजे की तेज आवाज के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढ़ें: श्रद्धा दुबे का ब्वॉयफ्रेंड आमिर गिरफ्तार, शिवा शर्मा केस में नेपाल फरारी का खुला राज



Source link