संतकबीरनगर। मरीजों को कम समय में जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में तीन साल पहले स्थापित की गईं नौ हेल्थ एटीएम मशीनें अब तक पूरी तरह चालू नहीं हो सकी हैं। उद्घाटन के बाद से ही इनका नियमित संचालन नहीं हुआ।
कहीं केमिकल की कमी तो कहीं टेक्नीशियन न होने के कारण मशीनें अस्पतालों के कमरों में बंद पड़ी हैं। इससे मरीजों को जांच के लिए दूसरी मशीनों और पैथोलॉजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है।
जिले के सीएचसी खलीलाबाद, मेंहदावल, सेमरियावां, पीएचसी बघौली और रोसया बाजार समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर नौ हेल्थ एटीएम स्थापित की गई थीं। इन मशीनों के माध्यम से शुगर, बीपी, टाइफाइड, मलेरिया सहित करीब 35 प्रकार की जांच की सुविधा देने की योजना थी। एक हेल्थ एटीएम की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बावजूद मरीजों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, मशीनों के संचालन के लिए जरूरी केमिकल उपलब्ध नहीं हैं। सीएचसी खलीलाबाद की लैब में मशीन चालू हालत में है, लेकिन केमिकल के अभाव में जांच नहीं हो पा रही है। इसी तरह शनिचरा बाजार सीएचसी में भी केमिकल न होने से मशीन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। मशीनों को संचालित करने के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियन की भी व्यवस्था नहीं है।
मरीजों का कहना है कि हेल्थ एटीएम चालू रहती तो जांच रिपोर्ट तत्काल मिल जाती। अयाज और बालकरन ने बताया कि सामान्य मशीनों से ब्लड की जांच कराने पर रिपोर्ट मिलने में दो से तीन घंटे लग जाते हैं।
इसके बाद चिकित्सक को दिखाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। विभाग को बंद पड़ी मशीनों को जल्द चालू कराना चाहिए।
