मुख्यमंत्री के आगमन के लिए रविवार सुबह पुलिस ने हाईवे पर दो बार ट्रैफिक रोका। खंदारी, भगवान टाॅकीज और जवाहर पुल पर बैरिकेडिंग लगाने से लोग जाम में फंस गए। लोगों को करीब 1 घंटे तक समस्या का सामना करना पड़ा। लोग व्यवस्था को कोसते दिखे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी लोगों को दूसरे रास्तों से निकाल रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी खंदारी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उनके आने और जाने वाले मार्ग पर पुलिस की विशेष व्यवस्था थी। उनका काफिला सर्किट हाउस से यमुना किनारा, जीवनी मंडी, वाटरवर्क्स होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा। बीच में मुख्यमंत्री कमला नगर में पूर्व महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के घर भी गए।

सुबह 10 बजे उनका काफिला वाटरवर्क्स से राजमार्ग पर होते हुए सुल्तानगंज पुलिया से कमला नगर पहुंचा। वहां कुछ देर रुकने के बाद मुख्यमंत्री खंदारी परिसर आए। मुख्यमंत्री के काफिले के राजमार्ग पर आने से पहले ही पुलिस ने जवाहर पुल, भगवान टाॅकीज और खंदारी के पास कई जगह बैरिकेड लगाकर यातायात रोक दिया था।

खंदारी चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे भी बैरिकेड लगाए गए। सेवा मार्ग और दयालबाग की तरफ से किसी वाहन को नहीं आने दिया गया। भगवान टाॅकीज से सेवा मार्ग पर भी वाहन नहीं चलने दिए गए। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सवारी वाहन से लेकर कार, ऑटो, ई-रिक्शा और दो पहिया वाहन भी फंस गए। रविवार की छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में लोग घरों से काम के लिए निकल रहे थे।

ये भी पढ़ें –  UP: आगरा में IT सिटी, ट्रेड सेंटर और टेक्सटाइल हब, उद्यमियों की ये चार मांग; सीएम योगी ने दिए ये संकेत

एंबुलेंस भी फंसी, यात्रियों ने बताई परेशानी

जाम में एंबुलेंस भी फंसी थीं और उन्हें भी रास्ता नहीं मिला। मुख्यमंत्री सुबह 10:20 बजे खंदारी परिसर पहुंचे। इस दौरान यातायात रोके जाने से आधा घंटे तक वाहन फंसे रहे। मुख्यमंत्री ने 11:50 बजे केंद्रीय हिंदी संस्थान स्थित हेलीपैड से प्रस्थान किया। उस दौरान भी यातायात रोके जाने पर राजमार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। लोगों को आधा घंटे तक दिक्कत हुई। लोगों का कहना था कि पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी, जिससे वे अन्य रास्तों से भी नहीं जा सके।

यात्रियों की आपबीती

दयालबाग निवासी मिष्ठी ने बताया कि वह एक अस्पताल में कार्यरत हैं और उन्हें ड्यूटी पर जाना था। मरीज का ऑपरेशन होना था, इसलिए जल्दी पहुंचना आवश्यक था। उन्हें सवारी वाहन नहीं मिल रहे थे और खंदारी पर रास्ता बंद होने से एक घंटे तक परेशान होना पड़ा। वहीं ककरैठा निवासी अजय यादव ने बताया कि वह संजय प्लेस में एक वित्त कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका कार्यालय खुला था और उन्हें समय पर पहुंचना था। पुलिस ने खंदारी पर रास्ता रोक दिया था, जिससे उन्हें निकलने नहीं दिया गया और वह एक घंटे की देरी से कार्यालय पहुंच सके।

ये भी पढ़ें –  दुस्साहस: चलती ट्रेन से भाई को फेंका, बहन के साथ की मारपीट; खाटूश्याम से दर्शन कर लौट रहे थे दोनों

वीवीआईपी आवागमन से बढ़ती समस्याएं

वीवीआईपी आवागमन से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। एमजी रोड और राजमार्ग पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए कई जगह बैरिकेड लगे हैं। इसके साथ ही फतेहाबाद रोड सहित अन्य मार्गों पर सीएम ग्रिड का कार्य भी चल रहा है। इन कारणों से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। एमजी रोड के रावली पुल पर भी खंभे बनाए जाने से समस्या हो रही है।

वैकल्पिक मार्ग से निकाला

 पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के काफिले के आने के दौरान कुछ देर के लिए यातायात रोका गया था। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *