मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश का युवा ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। आज युवाओं के पास शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर हैं। केंद्र सरकार की पीएम स्टार्टअप योजना, डिजिटल इंडिया, पीएम इंटर्नशिप और मिशन रोजगार जैसी पहल युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को नौकरियां व रोजगार मिला है। युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। देश में करीब 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे हैं। इन संस्थानों के जरिए युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज व बांसी विधानसभा क्षेत्र में 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। सीएम ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

उच्च शिक्षा में भी देश की उल्लेखनीय प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब 818 हो गई है। इसी तरह आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। 2014 से पहले देश में करीब 51 हजार एमबीबीएस सीटें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1.28 लाख हो गई हैं। मेडिकल पीजी सीटों की संख्या में भी बड़ी वृद्धि हुई है। इससे युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर के नए रास्ते खुले हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल कर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। कांग्रेस ने 55-60 वर्षों तक देश में शासन किया, लेकिन गरीबों और महिलाओं के जीवन में ऐसा व्यापक परिवर्तन क्यों नहीं आया? आज देश का युवा अवसर पाने के साथ अवसर पैदा करने की क्षमता भी विकसित कर रहा है।

12 वर्षों में भारत की तस्वीर तेजी से बदली

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की तस्वीर तेजी से बदली है। जिस भारत को कभी दुनिया पिछड़ा, गरीब और कमजोर देश मानती थी, आज वही भारत अपने विरोधियों के सामने सीना तानकर खड़ा है और दुनिया हमारी ओर देख रही है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में देश भ्रष्टाचार और नीतिगत पंगुता का शिकार रहा। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। स्टार्टअप का मजबूत इकोसिस्टम तैयार हुआ है। आईआईटी, मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। भारत दुनिया के लिए निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

युवाओं के लिए वर्चुअल और फिजिकल कोचिंग

उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए जारी योजनाओं व कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में वर्चुअल और फिजिकल कक्षाओं की व्यवस्था की जा रही है। इन कक्षाओं में ऐसे अधिकारी और विशेषज्ञ भी युवाओं को पढ़ाएंगे, जिन्होंने स्वयं प्रतियोगी परीक्षाएं पास की हैं। डॉक्टर-इंजीनियर भी युवाओं के साथ अनुभव साझा करेंगे। आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समेत नई तकनीकों से जुड़ी ट्रेनिंग की व्यवस्था की जा रही है। स्नातक स्तर पर पढ़ने वाले युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से युवा शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *