बकेवर। लखना कस्बे की सब्जी मंडी में शनिवार देर रात आग लगने से 10 दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखी सब्जियां, तराजू और अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदारों ने मंडी की दुकानों में बिजली कनेक्शन नहीं होने का हवाला देते हुए आग लगने के पीछे साजिश की आशंका जताई है। घटना से एक दिन पहले भी मंडी में पास की एक दुकान जली मिली थी। दुकानदारों ने जांच कराने की मांग की है।

शनिवार रात लखना अहाता के पास रामलीला चल रही थी। रात करीब 12ः15 बजे सब्जी मंडी के बीच में स्थित दुकानों में अचानक आग लग गई। मंडी बंद होने के कारण शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दुकानों के ऊपर टिनशेड और किनारों पर लोहे की जाली लगी होने से आग अन्य हिस्सों तक फैलने से बच गई।

रामलीला देखकर लौट रहे कुछ लोगों ने मंडी में आग की लपटें देखीं तो पुलिस और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पास में स्थित तालेश्वर महाराज मंदिर का सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने की कोशिश की। इसी बीच थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर चकरनगर से दमकल की दो गाड़ियां भी पहुंच गईं।

सड़क से दुकानों की दूरी करीब 50 मीटर से अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को पाइप के सहारे पानी मंडी तक पहुंचाना पड़ा। काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से रवि, दीप सिंह, रघुवीर, सत्य प्रकाश, जय प्रकाश, सुधीर, सुरेंद्र, पिंटू, राम सिंह और आनंद की दुकानें प्रभावित हुईं।

दुकानदारों को आर्थिक नुकसान हुआ है। सब्जी आढ़त के दुकानदार बबलू राइन, अमृतलाल कुशवाहा, वीरू दोहरे, पप्पन, सतीश और चंद्रशेखर कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष विपिन कुमार मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

……………………………

एक दिन पहले भी जली थी दुकान

आग की घटना से एक दिन पहले मंडी में इन दुकानों के पास अनुज की सब्जी की दुकान जली मिली थी। इससे दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि मंडी की दुकानों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं, ऐसे में आग लगने के कारणों की जांच होनी चाहिए। वर्ष 2017 में भी सब्जी मंडी की कई दुकानों में आग लगने से नुकसान हुआ था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *