desperation to be face of election and auspicious time for election and agency humiliation

सुना है क्या/suna hai kya
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासनिक गलियों में आज तीन किस्से काफी चर्चा में रहे। चाहे-अनचाहे आखिर ये बाहर आ ही जाते हैं। इन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम होती है। आज की कड़ी में ‘चेहरा बनने की बेकरारी’ की कहानी। इसके अलावा ‘चुनाव का शुभ मुहूर्त’ और ‘एजेंसी को मुंह की खानी पड़ी’ के किस्से भी चर्चा में रहे। आगे पढ़ें, नई कानाफूसी…


चेहरा बनने की बेकरारी

हाल में सत्तासीन हुए एक माननीय चुनावी सीजन में खुद को बिरादरी का चेहरा स्थापित करने को लेकर बेकरार हैं। दरअसल माननीय जब से दल बदलकर इधर आए हैं, तभी से अपनो के बीच यही संदेश देते फिर रहे हैं कि जल्द ही वे पार्टी के पुराने चेहरों को पछाड़कर खुद बड़े चेहरे को स्थापित कर लेंगे। उनको ऊपर से यही इशारा मिला है। कई ऐसे मौके आए, जिसके जरिए माननीय ने यही संदेश देने की कोशिश भी की। वजीर-ए-आजम के कार्यक्रम में माननीय को मंच पर कुर्सी क्या मिली, इससे कई पुराने नेताओं की धड़कने बढ़ गई है। माननीय के इस अंदाज से पार्टी के पुराने चेहरे अब इस दहशत में हैं कि आखिर अब उनका भविष्य क्या है?

चुनाव का शुभ मुहूर्त

चुनाव शुभ मुहूर्त में हों तो देवतुल्य मतदाताओं के साथ-साथ ईश्वर का भी खूब आशीर्वाद मिलेगा। इस मान्यता के साथ अत्यधिक प्रभावशाली राजनेताओं ने ज्योतिषीय भविष्यवाणी का सहारा लिया। यह मुहूर्त मार्च में सबसे उपयुक्त परिणाम मिलना बता रहा है। इसलिए वे यही दुआ मांग रहे हैं कि चुनाव मार्च के इन्हीं शुभ मुहूर्तों में हों। अब यह दुआ कुबूल होगी कि नहीं? यह तो वक्त ही बताएगा!

एजेंसी को मुंह की खानी पड़ी

एक जांच एजेंसी ने पूर्व मंत्री पर कार्रवाई में बहुत तेजी दिखाई। सलाखों से बाहर निकलते ही मंत्री को पकड़ा। माहौल ऐसा बनाया, जैसे कि मंत्री पर फिर से शिकंजा कस जाएगा। वह फिर सलाखों के पीछे ही जाएंगे। इसलिए कस्टडी पर लिया, पूछताछ की। लेकिन उसके बाद एजेंसी की छीछालेदर शुरू हो गई। एक के बाद एक दो बार अदालतों में मुंह की खानी पड़ी। मंत्री को राहत मिल गई। जहां पहले एजेंसी कार्रवाई के लिए वाहवाही लूट रही थी और खुद की खूब पीठ थपथपा रही थी। अफसर मुगालते में थे कि इस मामले से दिल्ली तक उनका माहौल बन जाएगा। लेकिन उनके अरमानों पर पानी फिर गया। खूब भद पिटी।



Source link