फतेहपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने खागा स्थित शुकदेव इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 45 से 49 और जनहितकारी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 25 से 29 का निरीक्षण किया।

उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सत्यापन, शिफ्टेड और अनुपस्थित मतदाताओं के साथ ही नाम जोड़ने के लिए भरे गए फार्म-6 की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

डीएम ने बीएलओ को सत्यापन के दौरान रजिस्टर में स्थिति दर्ज करने और ऑफलाइन प्राप्त फार्मों को नियमानुसार ऑनलाइन फीड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम खागा को वार्ड सदस्यों, कोटेदारों और अन्य माध्यमों से पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम जुड़वाने के निर्देश दिए।

सुपरवाइजर के माध्यम से सत्यापन की क्रॉस चेकिंग कराने को भी कहा। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और सरकारी विभागों का सहयोग लेकर छूटे हुए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाने को कहा। (संवाद)

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भी जुड़वा सकेंगे नाम

डीएम ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। विशेष अभियान के दौरान सभी 2,318 बूथों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, मतदाता सूची और फार्म-6, 7 व 8 उपलब्ध रहेंगे। अगले विशेष अभियान 22 और 28 नवंबर को आयोजित होंगे। इस दौरान खागा एसडीएम अश्वनी पांडेय, तहसीलदार पियूष कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



Source link