औरैया में लगातार बारिश के कारण सेंगर और अहनैया नदियों का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
.
विकास खंड के महेवा मार्ग पर चिमकुनी गांव के पास सेंगर नदी उफान पर है। नदी का पानी बढ़ने से किनारे के खेतों में खड़ी धान और बाजरा की सैकड़ों बीघा फसल डूब गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि 4 सितंबर को जलस्तर घटने से किसानों को थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन, पिछले दो दिन से हो रही बारिश ने फिर से जलस्तर बढ़ा दिया है, जिससे फसलें दोबारा पानी में डूब गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जलस्तर ऐसे ही बढ़ता रहा तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। नदी किनारे बना शवदाह गृह भी पानी की चपेट में है, जिससे अंतिम संस्कार में दिक्कत हो सकती है। मंदिर के आसपास की जमीन और मेला मैदान भी डूब रहा है। लेखपाल विकास बाबू ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।

