बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के हत्याहरण तीर्थ में सोमवार शाम कुंड में नहाते समय बालक डूबने लगा। यह देखकर उनकी बुआ का बेटा भी कुंड में कूद पड़ा। मामा के बेटे को बचाने में युवक भी डूब गया। दोनों को सीएचसी में मृत घोषित कर दिया गया। दोनों को बचाने की कोशिश बालक के भाई ने भी की थी, लेकिन उसे गहरे पानी में जाते देख स्थानय लेागों ने बचा लिया।
सीतापुर जनपद शहर के छोटी लाइन निवासी मोहित त्रिपाठी (20) ऑटो चलाते थे। मां अर्चना, मामा मिथलेश, मामा के बेटे रितिक (11) और मौसी कालिकी देवी और परिवार की ही चमेली के साथ वह लोग सोमवार को हत्याहरण तीर्थ आए थे। शाम लगभग पांच बजे रितिक तीर्थस्थल पर बने कुंड में नहाने गया था। गहरे पानी में जाकर वह डूबने लगा। उसे डूबता देख मोहित ने भी कुंड में छलांग लगादी, लेकिन मोहित भी गहरे पानी में डूबने लगा। दोनों को डूबता देख राज भी कुंड में उतरा और शोर मचाने लगा।
इस दौरान हत्याहरण निवासी विनोद द्विवेदी मौके पर मौजूद लोगों के साथ रस्सी और बांस लेकर पहुंच गए। राज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद रितिक और मोहित को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी कोथावां भेजा गया। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल अरुण सिंह ने बताया कि नहाते समय डूबने के कारण रितिक की और उसे बचाने के प्रयास में मोहित की मौत हुई है। परिजनों के आने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे।
