Sambhal Police Encounter News: उत्तर प्रदेश के संभल में महिला का पर्स लूटकर फरार हुए दो बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. शनिवार रात बाईपास रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया. यहां पूछताछ के दौरान घायल बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा. उसने कहा कि अब वह कभी गलत काम नहीं करेगा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओवैस और खालिद के रूप में हुई है. दोनों हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन के रहने वाले हैं. पुलिस ने इनके पास से महिला का लूटा हुआ पर्स, एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं.
