प्रयागराज2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

प्रयागराज यूपी बोर्ड के कक्षा 9वीं और 11वीं के स्टूडेंट्स को अग्रिम पंजीकरण में हुई गलतियों को सुधारने का एक और मौका मिला है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2026-27 (परीक्षा वर्ष 2028) के लिए पंजीकरण विवरणों में संशोधन की अनुमति दे दी है। इसके लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट 20 नवंबर से 30 नवंबर तक खुली रहेगी। छात्र-छात्राएं इस दौरान अपने पंजीकरण से जुड़ी गलतियों को ठीक करा सकेंगे।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से इस संबंध में विज्ञप्ति जारी की गई है। बोर्ड के अनुसार, विद्यालयों की ओर से अग्रिम पंजीकरण के दौरान ऑनलाइन अपलोड किए गए विवरणों में कई तरह की गलतियां सामने आती हैं। इन्हें देखते हुए छात्रहित में संशोधन का अंतिम अवसर दिया गया है। वेबसाइट पर संशोधन का पोर्टल 30 नवंबर 2026 की रात 12 बजे तक सक्रिय रहेगा। इसके बाद किसी तरह का बदलाव करने का मौका नहीं मिलेगा।

बोर्ड ने छात्र-छात्राओं को नाम, माता-पिता के नाम, लिंग, जाति और जन्मतिथि में संशोधन की सुविधा दी है। इसके अलावा विषय और वर्ग (स्ट्रीम) के साथ परीक्षा का माध्यम हिंदी या अंग्रेजी भी बदला जा सकेगा। पंजीकरण में लगी फोटो को भी सही कराया जा सकता है। वहीं, कक्षा 11वीं के पंजीकरण में हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं का अनुक्रमांक गलत दर्ज होने पर उसे भी ठीक करने की अनुमति दी गई है।

इसके अलावा नियमानुसार गलत दर्ज विवरण को डिलीट करने और पहले हटाए गए विवरण को दोबारा रिस्टोर करने की सुविधा भी मिलेगी। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिनके पंजीकरण में तकनीकी या मानवीय गलती के कारण गलत जानकारी दर्ज हो गई है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण में किसी भी तरह का संशोधन सीधे छात्र नहीं कर सकेंगे। इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। प्रधानाचार्य अपनी विद्यालय लॉगिन आईडी के माध्यम से यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर विद्यार्थियों के विवरणों में जरूरी बदलाव करेंगे।

बोर्ड ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने विद्यालय में संपर्क कर पंजीकरण से जुड़ी सभी जानकारियों की जांच कर लें।



Source link