उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. रेस्टोरेंट में परोसी गई नूडल्स में करीब एक इंच लंबा काला कीड़ा निकलने का आरोप एक युवती ने लगाया है. 

पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो स्टाफ और मैनेजर ने गलती स्वीकारने के बजाय उसके साथ बदसलूकी की और कहा कि ‘ऐसा हो जाता है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने मौके से 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई और बाद में थाने में नामजद तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें: UP राज्यसभा चुनाव : BJP की लिस्ट के बाद बगावत की आहट? पूर्व केंद्रीय मंत्री छोड़ देंगे पार्टी!

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार, सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी चाहत नूमा सोमवार को गढ़मुक्तेश्वर न्यायालय से लौट रही थीं. रास्ते में अठसैनी रोड स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट पर वह खाने के लिए रुकीं और वहां नूडल्स का ऑर्डर दिया. आरोप है कि जब उन्होंने नूडल्स खाना शुरू किया, तो प्लेट के अंदर कीड़े पड़े मिले, जिसमें एक कीड़ा करीब 1 इंच लंबा और काले रंग का था. जब युवती ने रेस्टोरेंट कर्मियों से इस पर आपत्ति जताई, तो स्टाफ ने उनसे बदतमीजी की. 

रेस्टोरेंट स्टाफ ने की अभद्रता 

शिकायत में कहा गया है कि स्टाफ व मैनेजर ने यह माना कि ‘कीड़े खाने में आ जाते हैं’. ड़िता ने इसे आम लोगों की सेहत और जान के साथ खिलवाड़ बताया. घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने 112 डायल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. पीड़िता ने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र दिया और रेस्टोरेंट के स्टाफ पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. 

खाद्य विभाग ने भरे सैंपल 

वहीं, सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी रेस्टोरेंट के किचन और स्टोर रूम का सघन निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए. हाईवे स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट में खाने में कीड़ा मिलना और उसके बाद ग्राहकों से अभद्र व्यवहार की शिकायत ने प्रशासनिक निगरानी और खान-पान की स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पीड़िता की तहरीर पर मामले की जांच कर रही है और खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: यूपी में बदला मौसम, आज लखनऊ समेत 33 जिलों में बारिश, IMD ने दी चेतावनी



Source link

अभी अभी की खबरें