आगरा के प्रकाश नगर (एत्माददाैला) में नशे में धुत बेटे ने 60 वर्षीय पिता की जान ले ली। दिल्ली जाने के लिए 1500 रुपये नहीं देने पर इंटरलाकिंग ईंट से पहले भाई पर हमला बोला। बाद में बचाने आए पिता के पैर और सिर में ताबड़तोड़ प्रहार किए। 20 से अधिक प्रहार कर पिता को लहूलुहान कर दिया। परिवार के अन्य लोगों के आने पर आरोपी भाग गया। घायल पिता को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भर्ती कराया। बुधवार दोपहर को इलाज के दाैरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
प्रकाश नगर निवासी लीलाधर सिकंदरा मंडी से सब्जी लाकर घर के पास बेचा करते थे। उनके तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा धर्मवीर होटल में काम करता था। शराब पीने का आदी होने की वजह से कुछ दिन पहले घर आ गया था। मंगलवार रात करीबन 10 बजे धर्मवीर शराब पीकर घर पहुंचा था। वह पिता से 1500 रुपये मांगने लगा। कहा कि वह दिल्ली जाएगा। किराये के लिए रुपये चाहिए। वहां पर नाैकरी करेगा। लीलाधर को आशंका थी कि वह रुपये लेने के बाद शराब पीने में खर्च कर देगा। इस पर उससे कहा कि रुपये बाद में देंगे। इसी बात पर धर्मवीर झगड़ा करने लगा। दोनों में कहासुनी होने लगी। धर्मवीर ने गाली-गलौज शुरु कर दी। कुछ देर बाद घर से चला गया।