पोस्टमार्टम के बाद शासनादेश के अनुसार मिलेगा मुआवजा, जर्जर लाइन बदलने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी थी

जगम्मनपुर (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जगम्मनपुर में गुरुवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से सात बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम निवासी आजाद पुत्र दौड़ीदार एवं खलील पुत्र मुकुल अपनी बकरियों को चराने के लिए ले जा रहे थे। तभी गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आने से सातों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह अपनी टीम के सहायक चरण सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया।
विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद शासनादेश के अनुसार पीड़ित पशुपालकों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अधिशासी अभियंता ने दूरभाष पर बताया कि पीड़ितों से फॉर्म-41 भरवाया जा रहा है और नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि जगम्मनपुर क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइन को बदलने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी थी और सामग्री भी उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के कारण लाइन बदली नहीं जा सकी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार भुवनेंद्र ने बताया कि लेखपाल से मौके की रिपोर्ट तलब कर ली गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल बदलवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते लाइन बदल दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। सात बकरियों की मौत से प्रभावित पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है और उनके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *