सघन जांच के बाद परीक्षार्थियों को मिला केंद्रों में प्रवेश

झांसी। शनिवार को झांसी में बनाए गए 47 केंद्रों पर पुलिस की आरक्षी भर्ती परीक्षा हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 41,589 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1,707 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान केंद्रों के इर्दगिर्द पुलिस का कड़ा पहरा रहा। परीक्षार्थियों को पूरी जांच के बाद केंद्रों में प्रवेश करने दिया गया। स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षार्थियों पर नजर बनाए रहे।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, लेकिन इससे आधा घंटा पहले ही ज्यादातर परीक्षार्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे। आंखों की रेटीना, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड आदि को चेक करने के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया। दो घंटे की परीक्षा में परीक्षार्थियों से 150 प्रश्नों के जवाब पूछे गए। प्रश्न का जवाब देने के लिए परीक्षार्थियों को चार में से एक उत्तर चुनने का विकल्प दिया गया। दोपहर बारह बजे तक हुई पहली पाली की परीक्षा में पंजीकृत 21,648 परीक्षार्थियों में से 20,875 शामिल हुए, जबकि 773 परीक्षा देने नहीं पहुंचे। वहीं, दोपहर तीन से शाम पांच बजे के बीच हुई दूसरी पाली की परीक्षा में 21,648 में से 20714 शामिल हुए और 934 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस दौरान 55 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की निगरानी में जुटे रहे। इसके अलावा डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी राजेश एस, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह आदि ने भी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाएं देखीं।

000000

जेमर की वजह से नहीं चले मोबाइल

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। हर केंद्र पर खासी संख्या में पुलिस बल भी तैनात था। परीक्षा में नकल की कोई गुंजाइश न रहे, इसके लिए सभी केंद्रों पर जेमर भी लगाए गए थे, जिससे परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र और उनके आसपास के सटे इलाकों में मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा था।

000000

जाम से जूझते रहे लोग

पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते शनिवार को महानगर के सभी प्रमुख चौराहों व सड़कों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही, जिसमें फंसकर लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। खासतौर पर दोनों पालियों की परीक्षा छूटने के बाद यातायात व्यवस्था चरमराई बनी रही। पुलिस को जाम खुलवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

000000

रेलवे ने चलाईं तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेन

परीक्षार्थियों की भीड़ के मद्देनजर रेल प्रशासन द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन से कानपुर के लिए तीन परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाईं गईं। पहली पाली की परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर 1.30 बजे स्पेशल ट्रेन चलाई गई, जो 1650 अभ्यर्थियों को लेकर रवाना हुई। जबकि, दूसरी पाली की परीक्षा के बाद शाम सात बजे दूसरी स्पेशल ट्रेन दो हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को लेकर यहां से रवाना हुई। वहीं, तीसरी ट्रेन रात 9:30 बजे गई। रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यकतानुसार रविवार को भी परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें