आगरा। साइबर अपराधियों ने जगदीशपुरा क्षेत्र के एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर ई-चालान नाम की एपीके फाइल भेजकर उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उनके खाते से 5.32 लाख रुपये निकल गए। शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिचपुरी क्षेत्र के नगला पातीराम, चौहटना निवासी हरिओम कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर ई-चालान नाम से एपीके फाइल आई। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद 3 मार्च को उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से 95,323 रुपये, 72,076 रुपये और 3,64,947 रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के नंबर और बैंक खातों के आधार पर तलाश की जा रही है।
यह रखें ध्यान
अनजान नंबर से भेजे गए संदेश और अज्ञात लिंक या एप पर क्लिक न करें। बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। केवल आधिकारिक एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें। मोबाइल में एंटीवायरस का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध ट्रांजेक्शन पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
