कानपुर देहात के सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन कुछ जरूरतमंद पात्रता साबित करने के बाद भी योजना का लाभ पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रनिया नगर पंचायत के माधव नगर वार्ड से सा
.
मंगलवार को दिव्यांग सतीश कुमार 57 पन्नों के दस्तावेज और आवेदन लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह दो साल से अधिक समय से आवास के लिए नगर पंचायत कार्यालय, डूडा कार्यालय और अकबरपुर तहसील के चक्कर लगा रहे हैं। कई बार आवेदन और शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
परिवार के पास पक्का मकान नहीं
सतीश कुमार पुत्र बृजनारायण का कहना है कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। पैरों से चलने-फिरने में भी उन्हें काफी परेशानी होती है। परिवार में माता-पिता भी गंभीर बीमारियों से परेशान हैं। उनके पिता टीबी से पीड़ित हैं, जबकि मां सांस की बीमारी से जूझ रही हैं। परिवार के पास पक्का मकान नहीं है। पिता ने अपनी कृषि भूमि में से दो बिस्वा जमीन मकान बनाने के लिए देने की सहमति दी है। इसी उम्मीद में सतीश ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवेदन किया था।
तहसील की जांच में पात्र, फिर भी अटका आवेदन
मामले में खास बात यह है कि तहसील स्तर पर कराई गई जांच में सतीश को दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर बताया गया है। 22 फरवरी 2026 को जारी उपजिलाधिकारी अकबरपुर के पत्र में भी तहसीलदार की जांच आख्या का हवाला देते हुए उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लिए पात्र बताया गया है।
इसके बावजूद सतीश का आरोप है कि नगर पंचायत रनिया से जरूरी जांच रिपोर्ट और प्रमाणपत्र डूडा कार्यालय नहीं भेजे जा रहे हैं। इसी वजह से उनका आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
जनसुनवाई पोर्टल पर भी की शिकायत
सतीश के मुताबिक, वह 15 अक्टूबर 2024 से लगातार जिलाधिकारी और तहसील स्तर के अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रख रहे हैं। जनसुनवाई पोर्टल पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल सका। उनका कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि वह किसी को रुपये देने की स्थिति में भी नहीं हैं।
अब सतीश ने डीएम से जांच रिपोर्ट और दस्तावेजों का परीक्षण कराकर नगर पंचायत से जरूरी रिपोर्ट डूडा कार्यालय भिजवाने की मांग की है, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
रनिया नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनीष रॉय ने बताया कि मामले की जांच करा ली गई है। जल्द ही रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। बजट आने पर धनराशि खातों में भेजी जाएगी।
