उरई। झांसी–कानपुर रेलखंड पर ट्रेनों के एसी कोच में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार की रात पटना–इंदौर एक्सप्रेस (19322) के एसी कोच में महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। इसमें मोबाइल फोन और नगदी थी।

सोमवार रात जब पटना–इंदौर एक्सप्रेस रात 2 बजकर 07 मिनट पर उरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची तो एसी कोच ए-2 की सीट संख्या 13 पर यात्रा कर रही वैशाली (बिहार) निवासी नीतू कुमारी पत्नी राकेश कुमार ने आरपीएफ व जीआरपी को घटना की जानकारी दी। नीतू पटना से उज्जैन तक यात्रा कर रही थीं। ट्रेन जब कानपुर से उरई की ओर आ रही थी तभी पुखरायां के आसपास उन्हें पर्स के गायब होने का पता चला।

उन्होंने तत्काल कोच अटेंडेंट और कंडक्टर को इसकी सूचना दी। बाद में बगल के ए-1 कोच के अटेंडेंट ने बताया कि उनका खाली पर्स शौचालय में पड़ा मिला है। पीड़िता के अनुसार पर्स में मोबाइल फोन, जरूरी कागजात और 15 हजार रुपये थे, जो चोरी हो गए।

उन्होंने बताया कि वह मायके पटना गई थीं, जबकि उनके पति इंदौर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। ट्रेन का उरई स्टेशन पर ठहराव कम होने के कारण पीड़िता ने उज्जैन में तहरीर देने की बात कही। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ दरोगा अनिल कुमार, जीआरपी सिपाही अक्षय बादल और बृजेंद्र कुमार ने पीड़िता से जानकारी ली। इस घटना के चलते ट्रेन करीब 10 मिनट तक (2:07 से 2:17 बजे तक) स्टेशन पर खड़ी रही। पुलिस अधीक्षक जीआरपी झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि झांसी-कानपुर रेलखंड पर ट्रेनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इन्हें रोकने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, और जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *