इटावा। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन का की-बोर्ड खराब हो गया है। इसे बदलने के लिए जापान से नया पार्ट मंगाया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 14 लाख रुपये होगी।
मशीन सोमवार को ठप हो गई थी और बुधवार तक सही नहीं हो सकी है। इसके खराब होने से मरीजों को लगातार तीसरे दिन परेशानी हो रही है। पुरुष जिला अस्पताल के सीएमएस पारितोष शुक्ला ने कंपनी को ई-मेल से मशीन की खराबी बताई। सीटी स्कैन प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि की-बोर्ड में फाल्ट है। पूरा की-बोर्ड बदला जाएगा। कंपनी के अफसरों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। पार्ट को जापान से आने में चार से पांच दिन का समय लगेगा। इसके बाद कंपनी के इंजीनियर आकर इसे बदलेंगे। इसके बाद ही मशीन फिर से चालू हो सकेगी।
सीटी स्कैन मशीन खराब होने से मरीजों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। जिला अस्पताल में दिन भर में 70 से 80 सीटी स्कैन होते थे। मशीन ठप होने के बाद अब डॉक्टर मरीजों को सीटी स्कैन नहीं लिख रहे हैं। मरीजों को जांच के लिए सैफई या निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। वहां उन्हें हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
सीटी स्कैन मशीन का की-बोर्ड जापान से मंगाया जाएगा। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। यह पार्ट जापान से इटावा पहुंचने में चार से पांच दिन का समय लेगा। पार्ट आने के बाद कंपनी के इंजीनियर इसे स्थापित करेंगे। इसके बाद ही मशीन दोबारा काम करना शुरू कर पाएगी और मरीजों को राहत मिलेगी।
