लवेदी (इटावा)। ईकरी गांव में खेल दिखाने आए एक युवक को ग्रामीणों ने संदिग्ध मानकर पकड़ लिया। उसके मोबाइल में पाकिस्तान के देश कोड वाले नंबर और व्हाट्सऐप पर संदिग्ध संदेश मिले। ग्रामीणों को आशंका थी कि वह स्थान और तस्वीरें साझा कर पैसे मांग रहा था।
ग्रामीणों ने युवक के व्यवहार को देखकर शक किया, क्योंकि वह परिचय पूछने पर बातों को टाल रहा था। उन्होंने उसका मोबाइल जांचा तो कुछ विदेशी नंबर और संदिग्ध व्हाट्सऐप बातचीत मिली। विनय त्रिपाठी, गणेश त्रिपाठी, मनोज अवस्थी और अंबरीष तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पूछताछ में युवक की पहचान औरैया के बुढ़नपुर फतेहपुर बेनी निवासी मुवीर के रूप में हुई। उसके पास निवास, जाति और जन्म प्रमाण पत्र जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज थे।
प्रभारी निरीक्षक अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि युवक के दस्तावेज की औरैया पुलिस से जांच कराई गई। जांच में वह औरैया का मूल निवासी पाया गया। ग्राम प्रधान ने भी पुष्टि की कि यह परिवार कई सालों से खेल-तमाशा दिखाने का काम करता है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि न पाए जाने पर युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
