आगरा। शहर के ट्रैफिक को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कंपनी ने शहर में 100 ई-बसों के संचालन के लिए कुबेरपुर में जमीन चिह्नित की है। जमीन हस्तांतरित करने के लिए कंपनी ने जिला प्रशासन से संपर्क भी साध लिया है। जमीन ट्रांसफर होने के बाद नगर विकास विभाग वहां डिपो को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

दरअसल, जिले में 100 नई इलेक्ट्रिक (ई-बस) बसों के संचालन शुरू किया जाना है। इसके लिए अलग से डिपो की जरूरत है, जहां चार्जिंग और पार्किंग की व्यवस्था हो सके। इसी क्रम में नगरीय परिवहन निदेशालय, लखनऊ के निर्देश पर आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर डिपो निर्माण के लिए चिह्नित भूमि को नगर विकास विभाग के नाम निशुल्क हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है। एमडी ने बताया कि शहर में जीसीसी मोड पर ई-बसों को चलाए जाने की योजना प्रस्तावित है।

इसी क्रम में एत्मादपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर में स्थित कुल 1.4680 हेक्टेयर भूमि को डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि बंजर के रूप में दर्ज है और वर्तमान में रिक्त है।

शासन की मंशा के अनुसार ई-बसों के निर्बाध संचालन और डिपो के मजबूत बुनियादी ढांचे के विकास के लिए चिह्नित भूमि का स्वामित्व उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास विभाग के नाम पर होना अनिवार्य है। भूमि के हस्तांतरित होते ही डिपो का निर्माण कार्य गति पकड़ेगा, जिससे आगरावासियों को जल्द ही नई ई-बसें मिलेंगी।



Source link