ताखा/जसवंतनगर। दीपावली की रात और सोमवार को आग लगने की दो घटनाओं में एक डेयरी की दूध जांच मशीन जलकर राख हो गई, जबकि खंदिया गांव में दो भाइयों की गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
नगला बंधा गांव में दिवाली की रात शॉर्ट सर्किट से डेयरी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से दूध की जांच करने वाली मशीन पूरी तरह जल गई। डेयरी संचालक सुरजीत कुमार ने बताया कि वह पास स्थित अपने दूसरे मकान में थे। इसी दौरान ग्रामीणों को डेयरी के कमरे से जलने की बदबू आई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और उन्होंने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
वहीं, बलरई थाना क्षेत्र के खंदिया गांव में सोमवार को चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। मुकेश कुमार और जितेंद्र कुमार के परिवार की एक महिला खाना बना रही थी, तभी चिंगारी से आग भड़क गई। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन घरेलू सामान जलकर राख हो गया। दोनों भाई पिछले 10 वर्षों से खेत में झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं।
खेती-किसानी से परिवार चलाने वाले दोनों भाइयों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें अब तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला। आग से हुई क्षति के बाद परिवार के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और पक्का मकान दिलाने की मांग की है।
………………………………………..
बर्तन की दुकान में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख
निवाड़ीकला। बकेवर थाना क्षेत्र के निवाड़ीकला गांव में गया प्रसाद की बर्तन की दुकान में रविवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखे बर्तन समेत अन्य सामान जलकर खराब हो गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, दूसरी घटना में दौरान रविंद्र प्रजापति की छत पर रखे छप्पर में भी आग लग गई। हालांकि, वहां कोई नुकसान नहीं हुआ।(संवाद)

