खेरागढ़। मंगलवार शाम हुई कुछ देर की बारिश ने जगनेर कस्बे की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद मुख्य बाजार सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया और कई दुकानों में पानी घुस गया। इससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 3 मिनट 17 सेकंड के वीडियो में पूरा बाजार जलमग्न दिखाई दे रहा है। दुकानों के अंदर तक पानी भरा हुआ नजर आ रहा है।
वीडियो में एक युवक नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहा है। युवक का आरोप है कि सफाई व्यवस्था और नालों की नियमित सफाई पर खर्च होने के बावजूद हालात बदतर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश नाले गाद और कचरे से अटे पड़े हैं, जिसके कारण थोड़ी सी बारिश में भी पानी की निकासी नहीं हो पाती। नतीजतन बाजार और मोहल्लों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों में पानी भरने से सामान खराब होने का खतरा रहता है और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
