आगरा के बाह के बिजौली गांव में विनोद उर्फ बंटू (30) ने शुक्रवार देर शाम 7.30 बजे अपने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटक कर जान दे दी। वह जयपुर में ठेकेदारी पर तंदूर लगाने का काम करता था। पिता हरिओम ने दोस्त से झगड़े के बाद बेटे के आत्मघाती कदम उठाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिजौली के हरिओम ने पुलिस को बताया कि बेटा विनोद उर्फ बंटू जयपुर में ठेके पर तंदूर लगाने का काम करता था। कुछ दिन पहले ही घर पर आया था। शुक्रवार शाम वह अपने दोस्त के साथ घर से निकला था। दोस्त का फोन खोने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। झगड़े के बाद घर पर आए बेटे को सिर्फ इतना कहा था कि पिटने के लिए बने हो।
इसके बाद वह कमरे में चला गया और थोड़ी देर बाद ही घरवालों की चीख पुकार पर कमरे का दरवाजा तोड़ा, विनोद उर्फ बंटू पंखे के हुक से लटका हुआ था, गले में अंगोछे का फंदा कसा हुआ था। फंदे से उतार कर बाह सीएचसी पर लाए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर बाह पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पिता को पुलिस ने जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं विनोद उर्फ बंटू की मौत से परिवार में मातम पसर गया है।
बेसुध हुई पत्नी बोली- कैसे पलेंगी दो बेटियां
बिजौली के हरिओम ने बताया कि परिवार में विनोद उर्फ बंटू अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत से 4 साल की खुशी, 2 साल की आराध्या के सिर से पिता का साया छिन गया है। शव देखकर बेसुध हुई पत्नी रीना देवी ने बताया कि दो बेटियां किसके भरोसे पलेंगी? परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। रीना देवी को ढांढ़स बंधाने वाले भी अपनी आंखों में आंसू नहीं रोक पा रहे।
