जालौन। शनिवार देर रात ससुराल जा रहे पेट्रोल पंप संचालक की बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ डंपर को कब्जे में ले लिया है। बाइक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली क्षेत्र के अलाईपुरा निवासी अभय गौतम (38) का माधौगढ़ क्षेत्र के चितौरा के पास पेट्रोल पंप है। शनिवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से अपनी ससुराल भदेख जा रहे थे। जालौन-औरैया मार्ग पर कुदरा करौंदी के पास हनुमान मंदिर के सामने पहुंचे, तभी सड़क किनारे खड़े डंपर में उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभय के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना परिजनों और यूपी-112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पत्नी संतोषी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई सुधाकर गौतम, वीरसेन गौतम और बहनें नीरज व नीरू गौतम भी सदमे में हैं।
इनसेट
मडोरी के पास मौरंग लदे वाहनों की होती है धुलाई
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि जालौन-औरैया मार्ग पर मडोरी के पास मौरंग लदे ट्रकों और डंपरों की धुलाई कराई जाती है। उनका आरोप है कि धुलाई के कारण सड़क पर अक्सर कीचड़ फैल जाता है। इसके अलावा मार्ग पर मौरंग लदे भारी वाहनों की आवाजाही भी अधिक रहती है। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने इस गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की है।
वर्जन
हादसे में युवक की मौत हुई है। मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। – अजय कुमार सिंह, सीओ।
