आगरा में नगर निगम की पार्किंग के नाम पर फर्जी रसीदें छपवाकर अवैध वसूली की जा रही थी। दीवानी चौराहे और ट्रांसयमुना कॉलोनी क्षेत्र में फर्जी रसीदें मिलने की शिकायत हुई तो शनिवार को नगर निगम ने कार्रवाई की। दोनों अवैध पार्किंगों को बंद करा दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने पुलिस को अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

शनिवार दोपहर में निगम की टीम ने दीवानी चौराहे पर पार्किंग की जांच की जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। शांति विनायक मॉल के नीचे अवैध रूप से पार्किंग रसीदें जारी की जा रही थीं। इस पार्किंग को बंद करा दिया गया। इसके अलावा ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित श्री कृष्णा हॉस्पिटल के पास संचालित की जा रही न्यू पार्किंग नामक अवैध पार्किंग का निरीक्षण किया गया। अवैध मिलने पर इसे भी बंद करा दिया गया।

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि पुलिस प्रशासन को भी पत्र भेजकर अवैध पार्किंग संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। कार्रवाई में अवर अभियंता हरिओम, राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता तथा नितेश राजपूत सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने लोगों से कहा है कि केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और किसी भी अवैध वसूली या संदिग्ध पार्किंग संचालन की सूचना तत्काल दें।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *