आगरा। निबोहरा पुलिस पर दो युवकों को जबरन उठाने, पचास हजार रुपये और मोबाइल छीनने के आरोप जांच में निराधार मिले हैं। एसीपी की पड़ताल में सामने आया कि युवकों को पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनके मोबाइल में संदिग्ध लेन-देन के निशान मिलने पर उन्हें कब्जे में लिया गया।

एसीपी शमसाबाद राम प्रवेश गुप्ता ने रविवार को शिकायतकर्ताओं रामपुर निवासी अजय और लायकपुरा निवासी प्रदीप के बयान दर्ज किए। दोनों ने शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र देकर पुलिस पर रुपये व मोबाइल छीनने का आरोप लगाया था। जांच के दौरान वसूली या छिनैती के बारे में कोई भी ठोस सबूत सामने नहीं आए।

जांच में पता चला कि कोटरे का पुरा निवासी दिनेश ने कर्ज के लिए बैंक से संपर्क किया था, पर बात नहीं बनी। इसके बाद अजय, प्रदीप और उनके साथियों ने कर्ज दिलाने का भरोसा दिलाकर दिनेश से बैंक व पहचान से जुड़े कागजात और मोबाइल की जानकारी ले ली। आरोपियों ने एक एप के जरिये दिनेश के नाम पर पांच लाख रुपये का कर्ज स्वीकृत कराकर रकम निकाल ली। कर्ज कंपनी से फोन आने पर दिनेश को ठगी का पता चला और उन्होंने निबोहरा थाने में शिकायत दी। मामला साइबर अपराध से जुड़ा हो सकता है।

मामले की पड़ताल के सिलसिले में दरोगा सन्नी कुमार और बादल चौहान ने अजय व प्रदीप को पूछताछ के लिए बुलाया था। दोनों के फोन में संदिग्ध थर्ड पार्टी एप मिले, जिनसे विभिन्न खातों में रकम का लेन-देन हो रहा था। साइबर गिरोह से जुड़े होने की आशंका पर फोन जब्त किए गए। पूछताछ में मोहन, योगेंद्र और वीरेंद्र के नाम भी सामने आए लेकिन किसी ने भी पुलिसकर्मियों को रकम देने की बात की पुष्टि नहीं की।

पेट्रोल पंप से निकाली थी रकम

पड़ताल में यह भी सामने आया कि प्रदीप का भाई रिशु यूपीआई के जरिये नकदी निकलवाता है। 29 अक्तूबर को धिमश्री के कविसा पेट्रोल पंप से उसने यूपीआई के माध्यम से तीन किस्तों में 78 हजार रुपये लिए थे। वीरेंद्र ने बताया कि मोहन पर रुपये उधार थे और दरोगाओं से रकम मांगने जैसी कोई बात नहीं हुई। एसीपी के अनुसार, युवकों ने खुद को बचाने और पुलिस पर दबाव बनाने के लिए मनगढ़ंत आरोप लगाए।

——————-



Source link