आगरा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए नवीन मंडी समिति से पोलिंग पार्टियों को बृहस्पतिवार को सामग्री देकर रवाना किया गया। आयुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल तथा अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने मंडी परिसर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, स्ट्रॉंग रूम, सुरक्षा प्रबंधों और 27 अक्तूबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। अफसरों ने भारत निर्वाचन आयोग के मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में समयबद्धता और सतर्कता बरती जाए। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित जमा कराने से लेकर स्ट्रॉंग रूम की बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बल की तैनाती अभेद्य होनी चाहिए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि सभी मतदान कार्मिकों को बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स और बैंगनी स्केच पेन सहित आवश्यक सामग्री देकर निर्धारित वाहनों से रवाना किया जा रहा है। चुनाव क्षेत्र के सभी 12 जनपदों में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं।

आगरा के 27 मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक सेक्टर ऑफिसर, सेक्टर पुलिस ऑफिसर तथा एक-एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किया गया है। इसके अलावा 11 जोनल ऑफिसर लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान पर नजर रखेंगे। पूरी मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में कड़े प्रतिबंध लागू रहेंगे और प्रत्याशियों के वाहनों की अनुमति निर्वाचन नियमों के तहत ही मान्य होगी। कंट्रोल रूम के जरिये शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें