आगरा। आगरा छावनी इलाके के सोहल्ला वार्ड-22 में करीब आठ लाख रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क में भ्रष्टाचार की परतें 10 दिन बाद ही उखड़ने लगीं। क्षेत्रीय लोगों ने नवनिर्मित सड़क की गुणवत्ता का वीडियो बनाकर नगर आयुक्त को भेज दिया। इस पर नगर आयुक्त ने बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को गुणवत्ता जांच रिपोर्ट मांगी है। मानकों में अनदेखी मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सोहल्ला में महज 10 दिन में क्षतिग्रस्त होने वाली सड़क की लंबाई महज 30 मीटर और चौड़ाई ढाई मीटर है। इतनी छोटी सड़क पर आठ लाख रुपये से ज्यादा का बजट खर्च होने के बावजूद ऊपरी परत उखड़ने से स्थानी लोग सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं। आखिर ठेकेदार के इस कार्य को नगर निगम के अफसरों ने हरी झंडी कैसे दे दी। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने सीमेंटेड सड़क के नाम पर केवल खानापूर्ति की। निर्माण के दौरान उसे टोका गया तो उसने कहा था कि वह बेहतर कार्य करेगा। उखड़ी सड़क के वीडियो को वायरल कर क्षेत्रीय लोगों ने ठेकेदार के साथ संबंधित अधिकारियों व अभियंताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

स्थानीय निवासियों ने निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच करा दोषी ठेकेदार संग जिम्मेदार अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सोहल्ला में सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की गई है। इसके बाद मुख्य अभियंता से मामले की जांच कराई जा रही है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link