अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) परिसर में 21 जून को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्टाफ क्लब के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और स्टीयरिंग के सामने लगे एयरबैग भी खुल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टाफ क्लब के समीप अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने कार को मोड़ दिया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एयरबैग समय पर खुल जाने से चालक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। चालक को पूछताछ के लिए प्रॉक्टर कार्यालय बुलाया गया है।
