कस्बे में पुलिस और एक परिवार के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला गरमा गया है। परिवार ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और महिला से अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, अलीगढ़ पुलिस ने प्रेसनोट जारी कर घटना को यातायात विवाद बताते हुए अपना पक्ष रखा है।

पीडि़त परिवार के अनुसार, 25-26 नवंबर की रात खाटू श्याम मंदिर से मिनी बाईपास की ओर जाते समय पुलिसकर्मी ने उनके साथ मारपीट की और पत्नी से अभद्रता की। उनका दावा है कि मौके पर महिला कांस्टेबल भी मौजूद नहीं थी। परिवार ने संबंधित सिपाही पर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि थाना टप्पल में शिकायत करने पर पुलिसकर्मियों ने समझौते का दबाव बनाया। परिवार ने शिकायत दर्ज कराई। इसकी पावती पर 26 नवंबर रात 1:50 बजे का समय अंकित है। एसपी देहात मनीष मिश्रा के मुताबिक, जरतौली मोड़ पर यातायात नियंत्रित करने के दौरान तेज रफ्तार कार चालक से विवाद हुआ था। कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और नौकरी छुड़वाने की धमकी दी। पुलिस का दावा है कि मारपीट के आरोप निराधार हैं।

पुलिसकर्मियों की हुई काउंसिलिंग

पुलिस ने स्वीकार किया कि रात में परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों को रोकने से असुविधा हुई। संबंधित पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग कर उन्हें आमजन और परिवारों के प्रति संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में वायरल वीडियो, जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

अभी अभी की खबरें