कहते हैं कि भाई-बहन का रिश्ता दुनिया में सबसे पवित्र और निस्वार्थ होता है, लेकिन जब बीच में ‘जायदाद’ की दीवार खड़ी हो जाए, तो यही रिश्ता पल भर में दुश्मनी में बदल जाता है। ऐसा ही एक हाई-वोल्टेज ड्रामा अलीगढ़ के सासनी गेट थाना क्षेत्र के काजीपाड़ा में देखने को मिला, जहाँ पिता की प्रॉपर्टी के लिए भाई-बहनों ने बीच सड़क पर जमकर ‘दंगल’ रचाया। अब इस मारपीट का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, काजीपाड़ा इलाके में एक ही परिवार के सदस्य पिता की संपत्ति के बंटवारे को लेकर आपस में भिड़ गए। बात सिर्फ तू-तू, मैं-मैं तक सीमित नहीं रही, बल्कि देखते ही देखते लात-घूंसे और लाठियां चलने लगीं। पीड़ित बहन का आरोप है कि उसके अपने ही भाई और अन्य बहनों ने मिलकर उसे पिता की जायदाद से बेदखल करने की साजिश रची है।
महिला का कहना है कि जब उसने पिता की प्रॉपर्टी में अपना हक मांगा, तो सगे भाई और बहनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान वहां मौजूद किसी चश्मदीद ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह ‘लाइव मारपीट’ का वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें रिश्तों की मर्यादा तार-तार होती साफ देखी जा सकती है।
सड़क पर हुए इस हंगामे और वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई है। सासनी गेट थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकार प्रथम संजीव कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
