orai orai news

फोटो – 34 रितिक के साथ वीडियो बनाती बहन जानवी।

कुठौंद। दो दिन पहले तक जिस घर में भाई-बहन की हंसी गूंजती थी, आज वहां मातम पसरा है। सात वर्षीय रितिक अपनी बहन जानवी के साथ अक्सर मोबाइल पर वीडियो देखता और रील बनाता था। घटना से महज दो दिन पहले दोनों ने साथ में एक रील बनाई थी। इसमें भाई-बहन के प्यार को बयां करते हुए गाना बज रहा था- ””भाई मेरी जान है तू, ही मेरे जीने का सामान है।”” किसी ने सोचा भी नहीं था कि चंद दिनों बाद यही वीडियो परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगा।


घटना के दिन जानवी ने रितिक का मोबाइल लेकर वीडियो देखना शुरू कर दिया और उसे लेकर चली गई। मोबाइल छिनने से नाराज रितिक कमरे में पहुंचा और तख्त पर चढ़कर साड़ी से फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद कमरे में पहुंची बहन ने भाई को फंदे पर लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

रितिक और जानवी के बीच गहरा लगाव था। दोनों अक्सर साथ समय बिताते थे। दो दिन पहले बनाई गई रील में झलकता उनका अपनापन अब परिवार के लिए कभी न भूलने वाली याद बन गया है। बहन जानवी अब रो रो बेहाल है घर पर पूरा समय दोनों साथ ही रहते थे।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार ने बताया कि कम उम्र में बच्चों को मोबाइल की आदत लगना उनके मानसिक और शारीरिक विकास को प्रभावित कर सकता है। मोबाइल पर अधिक समय बिताने से बच्चों की एकाग्रता, नींद और व्यवहार पर असर पड़ता है। अभिभावकों को चाहिए कि छोटी उम्र से ही बच्चों को मोबाइल से दूर रखें और उन्हें खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें। मोबाइल की आदत छुड़ाने के लिए अचानक फोन छीनने या डांटने के बजाय प्यार से समझाएं। बच्चों के साथ समय बिताएं और उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास करें।



Source link