ईसानगर राजवंश के राजा ने शुरू की थी मेले की परंपरा
ठुठवा मेले की शुरुआत को लेकर मान्यता है कि ईसानगर स्टेट के राजा रघुराज प्रताप बहादुर सिंह ने इसकी नींव रखी थी. तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर घाघरा नदी के किनारे इस मेले का आयोजन होता आ रहा है. समय के साथ मेले का स्वरूप बदलता रहा, लेकिन इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान आज भी बनी हुई है.
तीन नामों से जाना जाता है ठुठवा मेला
इस मेले को अलग-अलग नामों से भी जाना जाता है. कार्तिक महीने में लगने के कारण इसे कातिकी मेला कहा जाता है. नदी के घाट पर आयोजन होने की वजह से इसकी पहचान घाट के मेले के रूप में भी है. वहीं, ठुठवा गांव के पास लगने के कारण इसे ठुठवा मेला नाम मिला. नाम अलग-अलग होने के बावजूद इस आयोजन की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान एक ही है.
दशहरे के बाद राजा एक महीने तक जंगल में करते थे आखेट
स्थानीय किवदंतियों के मुताबिक, दशहरे के अवसर पर राजमहल में शस्त्र पूजन करने के बाद ईसानगर स्टेट के राजा करीब एक महीने के लिए जंगल में आखेट पर निकलते थे. लौटने के बाद वे घाघरा नदी के तट पर सात दिनों तक कल्पवास करते थे. इस दौरान नदी किनारे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे.
भजन-कीर्तन के साथ कुश्ती और जादू के कार्यक्रम होते थे आकर्षण
राजा के कल्पवास के दौरान नदी तट पर भजन-कीर्तन और पूजा-पाठ के साथ कुश्ती, जादू तथा दूसरे कलाकारों के कार्यक्रम भी होते थे. इन आयोजनों में आसपास के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते थे. धीरे-धीरे इन कार्यक्रमों का दायरा बढ़ता गया और यह परंपरा एक बड़े मेले के रूप में विकसित हो गई.
सरयू माता से जुड़ी है मेले की शुरुआत की एक लोककथा
ठुठवा मेले को लेकर एक दूसरी लोककथा भी प्रचलित है. बुजुर्गों के अनुसार, एक समय सरयू नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया था. नदी के कटान से ईसानगर स्टेट की जमीन को काफी नुकसान हो रहा था. इससे परेशान होकर राजा नदी के किनारे पहुंचे और सरयू माता की पूजा-अर्चना करने लगे.
नदी का कटान रुकने पर शुरू हुई पूजा की परंपरा
लोककथा के अनुसार, राजा ने संकल्प लिया कि यदि नदी का कटान नहीं रुका तो वे जल समाधि ले लेंगे. कहा जाता है कि उनकी प्रार्थना के बाद नदी का कटान रुक गया और नदी अपनी पुरानी धारा की ओर लौट गई. इसके बाद हर साल नदी माता की पूजा-अर्चना की परंपरा शुरू हुई, जो आगे चलकर मेले के आयोजन में बदल गई. बताया जाता है कि इसी स्थान पर राजा की समाधि भी बनाई गई थी, लेकिन बाद में नदी के कटान में वह स्थान बह गया.
लखीमपुर के अलावा पांच जिलों से भी पहुंचते हैं दुकानदार
ठुठवा मेले में लखीमपुर खीरी के अलावा सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बहराइच और बाराबंकी समेत कई जिलों के दुकानदार पहुंचते हैं. स्थानीय व्यापारियों के साथ बाहरी जिलों के कारोबारी भी यहां अपनी दुकानें लगाते हैं. इस तरह मेला धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा देता है.
आज भी कायम है 400 साल पुरानी सांस्कृतिक पहचान
करीब चार शताब्दियों से चली आ रही ठुठवा मेले की परंपरा आज भी क्षेत्र के लोगों को अपनी विरासत से जोड़ती है. यहां धार्मिक आयोजन, लोक परंपराएं और व्यापार एक साथ देखने को मिलते हैं. यही वजह है कि ठुठवा मेला लखीमपुर खीरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बना हुआ है.
