Aligarh News:-आगामी चुनावों को लेकर अलीगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, सुरक्षा में चूक या मतदाताओं को परेशानी न हो, इसके लिए शनिवार को अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने खुद मैदान में उतरकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक निरीक्षण से संबंधित विभागों में भी हलचल दिखाई दी। डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक का बारीकी से जायजा लिया।
शनिवार 28 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने आगामी चुनावों के दृष्टिगत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना रोरावर क्षेत्र के सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और जीडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का जायजा लिया गया। इसके बाद थाना बन्नादेवी क्षेत्र के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी सिटी स्कूल और राजकीय आईटीआई में पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा गया। वहीं थाना क्वार्सी क्षेत्र के एचआई इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। इसके साथ ही मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी बारीकी से देखा गया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अलीगढ डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें।अलीगढ प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि आगामी चुनावों को लेकर अधिकारी अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की कमियों को समय रहते दूर करने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि चुनाव के दिन मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
