Aligarh News:-जिले में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर शनिवार को प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिले के सभी 1642 मतदान केंद्रों पर स्थापित 3222 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आवश्यक प्रपत्रों, मतदाता सूचियों और पर्याप्त संख्या में फार्म के साथ मौजूद रहे। अभियान की जमीनी हकीकत जानने और मतदाता पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ के कार्यों की समीक्षा करते हुए पात्र मतदाताओं के फार्म की मौके पर ही ऑनलाइन फीडिंग कराने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और बीएलओ एप पर ऑनलाइन फीडिंग की स्थिति को बारीकी से परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फार्म लेकर आने वाले प्रत्येक पात्र मतदाता के आवेदन की प्रविष्टियां मौके पर ही बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएं। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। साथ ही फार्म में दर्ज सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की गलती न रह जाए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि अधिकांश बीएलओ मौके पर ही मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग कर रहे थे। उन्होंने कुछ बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता भी जांची और जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां जरूरी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छात्रावास, आईटीआई रोड रसूलपुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय सिटी स्कूल, जीटी रोड, जीडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खैर रोड, सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैर रोड तथा एचआई इंटर कॉलेज, शहंशाहबाद समेत विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ को प्राप्त फार्मों की ऑनलाइन फीडिंग करने के साथ संबंधित प्रपत्रों को नियमानुसार तहसील में जमा कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर बीएलओ के पास आवश्यक मतदाता सूचियां, प्रपत्र और पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। पात्र नागरिकों को फार्म भरने और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित समयसीमा और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरा किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सके।



Source link

अभी अभी की खबरें