गोंडा क्षेत्र के गांव बसौली में वर्ष 2007 में 14 पिस्टल और करीब 1.30 लाख की नकली करेंसी बरामद होने के मामले में अदालत ने दो आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-14 पीके जयंत ने अविनाश उर्फ प्रवीन और सुरेंद्र को संदेह का लाभ देते हुए बरी करने का आदेश दिया।
अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा। अभियोजन के मुताबिक, 10 अक्तूबर 2007 को इगलास पुलिस ने मोनू उर्फ दीपेंद्र चौधरी को अवैध पिस्टल और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में उसने बताया कि पिस्टल बसौली निवासी अविनाश और सुरेंद्र से खरीदी थी। इसके बाद इगलास और गोंडा थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपियों के घर पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 32 बोर की 14 पिस्टल और 1,29,650 रुपये बरामद करने का दावा किया था। इसमें 73,500 रुपये के 500-500 रुपये के नोट नकली बताए गए थे।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से केवल तत्कालीन थानाध्यक्ष हाकिम सिंह की गवाही कराई गई। अदालत ने पाया कि कथित बरामदगी के समय कोई स्वतंत्र गवाह मौजूद नहीं था। घर के अंदर से गिरफ्तारी और बरामदगी के बावजूद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों को शामिल करने के कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किया। वहीं, बरामदगी की फर्द को भी किसी गवाह से साबित नहीं कराया जा सका।
अदालत ने नकली नोटों की जांच में भी गंभीर खामी पाई। भारतीय रिजर्व बैंक ने 16 नवंबर 2007 को नोटों को अंतिम परीक्षण के लिए नासिक या देवास की करेंसी प्रेस भेजने के निर्देश दिए थे लेकिन पुलिस ने वहां से कोई जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं की। इसके अलावा आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का शिकार हुए किसी व्यक्ति का साक्ष्य भी पेश नहीं किया गया। भारत सरकार के खिलाफ युद्ध की तैयारी के उद्देश्य से हथियार जुटाने का भी कोई प्रमाण नहीं मिला।
इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने धारा 420, 489 ख और 122 भारतीय दंड संहिता के आरोप साबित नहीं मानते हुए दोनों आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों से संबंधित मामले में निर्णय देना इस विचारण का विषय नहीं है और संबंधित न्यायालय उस पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लेगा।
