छात्र राजनीति से निकले रंजीत चौधरी को समाजवादी युवजन सभा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया, युवाओं को पार्टी से जोड़ने की मिलेगी जिम्मेदारी

अलीगढ़। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को धार देने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने युवजन सभा की प्रदेश कार्यकारिणी में अलीगढ़ के रंजीत चौधरी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन में हुए इस बदलाव को चुनाव से पहले युवा नेताओं को आगे लाने और युवाओं के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अनुमति और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की संस्तुति पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने रंजीत चौधरी का मनोनयन किया है। उनके प्रदेश पदाधिकारी बनने से अलीगढ़ के सपाइयों और खासकर युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

रंजीत चौधरी की पहचान छात्र राजनीति से उभरे नेता के रूप में रही है। डीएस कॉलेज में छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत करने वाले चौधरी समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष और बाद में समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय की मांग को लेकर हुए आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब उनके सामने अलीगढ़ समेत प्रदेश में युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी की नीतियों को उन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब सभी राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने में जुटे हैं।

रंजीत चौधरी ने कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करना, नौजवानों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी मेहनत से काम करेंगे।



Source link