एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) व जीआरपी अलीगढ़ ने संयुक्त रूप से 14 साल पहले रेलवे स्टेशन से पुलिस अभिरक्षा से भागे आरोपी को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी पुलिस से बचने के लिए कभी दिल्ली तो कभी राजस्थान में रह रहा था। वर्तमान में वह मथुरा में ठिकाना बदलकर रह रहा था। जहां से उसे पुलिस ने दबोच लिया।
बरेली एसटीएफ को मिला था इनपुट
बरेली एसटीएफ फील्ड इकाई के एसपी अब्दुल कादिर के नेतृत्व वाली टीम को जानकारी मिली कि वर्ष 2012 में न्यायालय में पेशी के दौरान अलीगढ़ जंक्शन से पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी मथुरा में कहीं पहचान बदलकर रह रहा है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। इस सूचना पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक धूम सिंह व जीआरपी अलीगढ़ के प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार सक्सेना के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी रजनीश उर्फ राजेश उर्फ चंद्रभान निवासी कजरौठ, थाना इगलास को दबोच लिया। वह वर्तमान में जनपद मथुरा में गिर्राजधाम काॅलोनी, महोली रोड पर अपनी पहचान बदल कर रह रहा था।
