इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब जल्द ही विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए आवेदन शुरू होंगे। इस बार 26 विदेशी छात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए रुचि दिखाई है।
Trending Videos
इविवि समेत देश के सभी विश्वविद्यालयों में भारत सरकार के स्टडी इंडियन पोर्टल के माध्यम से प्रवेश लिए जाते हैं। पिछले साल केवल सात विदेशी छात्रों ने इविवि में प्रवेश के लिए रुचि दिखाई थी और बाद में इनमें से केवल तीन छात्रों ने ही विश्वविद्यालय में प्रवेश लिए था। लेकिन, इस बार स्थिति काफी बेहतर है।
भारत सरकार के स्टडी इंडियन पोर्टल पर 26 विदेशी छात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने की इच्छा जताई है। इनमें बांग्लादेश, इंडोनेशिया व नेपाल के छात्र हैं। बांग्लादेश से हिंदू छात्रों के आवेदन ही आए हैं। इन छात्रों को 12 अंकों वाला एक यूनिक आईडी नंबर जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से इनका वीजा बनेगा और इसी के जरिये उनके आवेदन को आगे बढ़ाया जाएगा।
इविवि में इंटरनेशनल स्टूडेंट एडवाइजर प्रो. विष्णु प्रभाकर का कहना है कि स्टडी इंडिया पोर्टल पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए पिछले साल के मुकाबले इस बार चार गुना अभ्यर्थियों ने रुचि दिखाई है।