{“_id”:”6b0716f90e37772eba0b2ac5″,”slug”:”gang-leader-with-a-50000-bounty-arrested-ambedkar-nagar-news-c-91-1-abn1007-169912-2026-11-25″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Ambedkar Nagar News: 50 हजार का इनामी गैंग सरगना गिरफ्तार”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

पंकज निषाद। स्रोत एसटीएफ
अंबेडकरनगर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी गैंग सरगना पंकज निषाद उर्फ गोलू को एसटीएफ ने जलालपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वह महरूआ, बेवाना, अयोध्या, बस्ती, अमेठी और सुलतानपुर सहित कई थानों में धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था।
एसटीएफ ने मंगलवार रात करीब 8:30 बजे उसे नगरपुर चौराहे के पास से पकड़ा। एसटीएफ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम अपराधियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को बिना नंबर की महिंद्रा थार में पकड़ा गया। पंकज निषाद आजमगढ़ जिले के पवई क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि उनका गैंग जस्ट डायल पर नंबर पंजीकृत कर लोगों को फंसाते थे। पासपोर्ट के लिए 40 हजार रुपये और वीजा-टिकट के लिए 1.20 लाख रुपये लेते थे। रूस में कंस्ट्रक्शन कार्य पर लाखों रुपये वेतन का झांसा दिया जाता था। बाद में अतिरिक्त रकम मांगकर फर्जी टिकट भेजे जाते थे।
2.20 लाख रुपये लेकर थमा दिया फर्जी वीजा
महरुआ क्षेत्र के दरबपुर निवासी सूरज यादव के साथ भी ठगी की थी। सूरज के मुताबिक, 25 जून 2023 को महरुआ के गोइथा निवासी एक परिचित ने उन्हें आजमगढ़ के पवई क्षेत्र निवासी पंकज कुमार उर्फ गोलू से मिलवाया था। बताया गया था कि वह विदेश में नौकरी दिलाने के लिए वीजा की व्यवस्था करता है। इसके बाद सूरज ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न मोबाइल नंबरों पर ऑनलाइन कुल 2.20 लाख रुपये भेज दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें आर्मेनिया का फर्जी ई-वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया। जब सूरज मुंबई पहुंचे तो टिकट फर्जी निकला। पुलिस से कार्रवाई न होने पर सूरज ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।
