अमरोहा। पशुओं में दूध उतारने के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री पर खुलेआम हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसका कारोबार बेखौफ चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि मेडिकल स्टोर के बजाय परचून की दुकानों पर इंजेक्शन उपलब्ध हैं। कहीं 10 तो कहीं 15 रुपये में एक इंजेक्शन बेचा जा रहा है। होम डिलीवरी तक की सुविधा मिलने की बात भी सामने आई है। अमरोहा शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की कीमत भी अलग-अलग सामने आई।

मंगलवार को पड़ताल के दौरान हमारे प्रतिनिधि कैलसा रोड स्थित परचून की थोक दुकान पर पहुंचे। यहां ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन पूछने पर शुरुआत में दुकानदार ने इंजेक्शन होने से इन्कार किया, लेकिन पहले से खरीदने की बात बताने पर उसने स्टॉक की जानकारी करने के बाद इंजेक्शन देने को तैयार हो गया।

इतना ही नहीं, 50 इंजेक्शन का पैकेट देने की भी पेशकश की। इसके बाद कांठ रोड की तीन दुकानों पर पड़ताल की गई। एक दुकानदार ने पहले मना किया, लेकिन भैंस के दूध नहीं देने की बात बताने और गांव का नाम पूछकर चार इंजेक्शन देने को राजी हो गया। इस दौरान 100 एमएल की शीशी की कीमत 50 रुपये बताई गई।

—————–

दूध उतारने के लिए ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल प्रतिबंधित : सीवीओ

पशुओं से दूध निकालने के लिए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। इसका प्रयोग दूध उत्पादन बढ़ाने या दूध उतारने के लिए नहीं किया जा सकता। हालांकि, चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर पशु चिकित्सक की पर्ची के आधार पर इंजेक्शन खरीदा जा सकता है। बिना चिकित्सकीय सलाह इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

-डॉ. आभा दत्त, सीवीओ

——————–

ऑक्सीटोसिन की बिक्री के लिए अलग लाइसेंस का प्रावधान नहीं : एसीएमओ

ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री के लिए अलग से किसी विशेष लाइसेंस का प्रावधान नहीं है। यह दवा आमतौर पर गर्भवती महिलाओं में प्रसव के दौरान चिकित्सकीय जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल की जाती है। इसकी बिक्री निर्धारित औषधि नियमों के तहत ही की जा सकती है।

– डॉ. योगेंद्र सिंह, एसीएमओ

———————-

मेडिकल संचालक गाइडलाइन के अनुसार ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री कर सकते हैं। अगर कहीं परचून की दुकान पर इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं तो शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

-रुचि बंसल, औषधि निरीक्षक

———————-

जानकारों और पशुओं का इलाज करने वालों को ही मिल रहा इंजेक्शन

मंडी धनौरा। दुधारू पशुओं से जबरन दूध निकलवाने के लिए इस्तेमाल होने वाला ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन ग्रामीण क्षेत्रों में चुनिंदा दुकानों पर ही उपलब्ध है। इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर कड़े प्रतिबंध हैं। इसके बावजूद कुछ दुकानदार चोरी-छिपे इसकी आपूर्ति कर रहे हैं। ग्राम कुआं खेड़ा में एक दुकान पर इंजेक्शन बिकने की सूचना पर एक ग्रामीण को खरीदने के लिए भेजा गया, लेकिन दुकानदार ने इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उसे लौटा दिया। सूत्रों का दावा है कि यह इंजेक्शन आम ग्राहकों को नहीं दिया जाता। पशुओं का इलाज करने वाले कुछ झोलाछाप चिकित्सकों और पुराने जानकार ग्राहकों को ही इसकी आपूर्ति की जाती है। संवाद

———————–

हसनपुर क्षेत्र में चोरी-छिपे बिक रहा इंजेक्शन, 19 की शीशी 30 रुपये में

हसनपुर/बुरावली। क्षेत्र के गांवों में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री का तरीका भी चौंकाने वाला है। पड़ताल के दौरान हमारी टीम ने कई गांवों की परचून की दुकानों पर ग्राहक बनकर इंजेक्शन मांगा, लेकिन दुकानदारों ने अनजान व्यक्ति को देने से साफ इन्कार कर दिया। बताया गया कि पकड़े जाने के डर से दुकानदार केवल पहचान वाले पशुपालकों को ही इंजेक्शन उपलब्ध कराते हैं। पड़ताल में एक स्थानीय पशुपालक के जरिये इंजेक्शन खरीदा गया। आरोप है कि 19 रुपये कीमत वाली शीशी 30 रुपये में बेची जा रही है। इस तरह निर्धारित कीमत से अधिक वसूली भी की जा रही है। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रजीत सिंह का कहना है कि ऑक्सीटोसिन एक हार्मोन है। इसका पशुओं से जबरन दूध निकलवाने के लिए इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है। यदि कहीं इसकी अवैध बिक्री हो रही है तो यह गंभीर मामला है। ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। संवाद



Source link

अभी अभी की खबरें