डिडौली। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार प्रॉपर्टी डीलर मोबिन अहमद (40) की खनन लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।


हादसा बुधवार की सुबह नौ बजे डिडौली कोतवाली के सामने फ्लाईओवर पर हुआ। कोतवाली डिडौली क्षेत्र के गांव कनपुरा निवासी मोबिन अहमद को जीवाई में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होना था। वह डिडौली कोतवाली के सामने फ्लाईओवर पर पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से खनन लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोबिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोबिन को तत्काल जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।

परिजनों के मुताबिक मोबिन पिछले करीब 15 साल से परिवार के साथ जोया में सोत नदी किनारे स्थित फ्लैट में रह रहे थे। वह प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी शगुफ्ता के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link