तिगरी धाम(अमरोहा)। गंगा मेले में शनिवार को कुंभ की तर्ज पर साधु-संतों ने भव्य शाही पेशवाई शोभायात्रा निकाली। चिमटा, त्रिशूल, फरसा और गदा लेकर चल रहे साधु-संन्यासियों के जयकारों से पूरा मेला क्षेत्र गूंज उठा। हर-हर महादेव के उद्घोष और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर साधु-संतों का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद लिया।

शनिवार सुबह से ही सेक्टर एक स्थित पंचदशनाम जूना अखाड़े के शिविर के सामने साधु-संन्यासियों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था। करीब 10:30 बजे शाही पेशवा शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे बड़ी संख्या में साधु-संत हाथों में चिमटा, त्रिशूल, फरसा और गदा लेकर चल रहे थे। महादेव के जयकारे लगाते हुए साधु-संत भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए। उनके पीछे एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों में सजी भव्य कुर्सियों पर महामंडलेश्वर और अन्य संत विराजमान थे।

शोभायात्रा तिगरी गांव से भ्रमण करते हुए ढलान नंबर दो के रास्ते मेला क्षेत्र में पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर संतों का अभिनंदन किया। कई श्रद्धालु संतों के पास पहुंचकर आशीर्वाद लेते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। इसके बाद शोभायात्रा मेला क्षेत्र से होते हुए शुभारंभ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान त्रिमूर्ति शेषनाग धाम मछरई-मनौटा के महंत महामंडलेश्वर स्वामी हर मनोज दास, महंत नरोत्तम गिरि महाराज विशावली, लव गिरि महाराज चाकीखेड़ा, हरनाम दास महाराज, साध्वी पूनम गिरि, चरण दास महाराज, हरिओम गिरि महाराज रौनकी और सुनील कुमार समेत बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे। शाही पेशवा शोभायात्रा ने मेले में कुंभ जैसा धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना दिया।



Source link