बरेली शहर की प्रमुख सड़कों में शुमार आईवीआरआई रोड जल्द ही शिवमय होगी। नगर निगम ने इस सड़क को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से सजाने की योजना तैयार की है। इसके तहत इज्जतनगर पुल से आदिनाथ चौक तक के डेढ़ किलोमीटर हिस्से को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा। इस सड़क पर भगवान शिव और देवी पार्वती के एकाकार स्वरूप अर्धनारीश्वर और गंगा अवतरण सहित भगवान शिव से जुड़े विभिन्न प्रसंगों के दर्शन होंगे।
नगर निगम के अफसरों के मुताबिक, इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को नाथ नगरी की प्राचीन महिमा का अनुभव कराना है। आईवीआरआई रोड के इस हिस्से पर भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों की आकृतियां और प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। भगवान शिव के विवाह जैसे पौराणिक दृश्य भी इस सड़क की शोभा बढ़ाएंगे। इसके लिए करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली में मेट्रो परियोजना की डीपीआर तैयार, एयरफोर्स की एनओसी का इंतजार; जानें ताजा अपडेट
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) पहले से ही शहर को शिवमय बनाने में जुटा है। अब नगर निगम ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए आईवीआरआई रोड को मॉडल के रूप में चुना है। नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि इन मूर्तियों और कलाकृतियों के पास अत्याधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। रात के समय दूधिया और रंगीन रोशनी से नहाई हुई सड़क भव्य और आकर्षक दिखेगी।